
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के थाना अमीनाबाद क्षेत्र से पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी अभ्यर्थी बनकर दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से कूटरचित (फर्जी) आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, अमीनाबाद स्थित विद्यांत हिन्दू इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक पवन कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी की पहचान राम मनुज (पुत्र सुरजू), निवासी ग्राम अरूसा आजमपुर, बसखारी, जिला अम्बेडकर नगर के रूप में हुई है। आरोपी राम मनुज असली अभ्यर्थी जितेन्द्र सिंह यादव (निवासी फर्रुखाबाद) के नाम पर फर्जी आधार कार्ड और प्रवेश पत्र तैयार कर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित की जा रही टीजीटी (TGT) की प्रथम पाली की परीक्षा दे रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मेडिकल की तैयारी करता है। कानपुर के काकादेव में उसे पंकज नाम का एक व्यक्ति मिला, जिसने पैसों का लालच देकर फर्जी कागजात तैयार कराए और उसे परीक्षा देने भेजा। पुलिस ने आरोपी राम मनुज को गिरफ्तार कर लिया है और इस धोखाधड़ी में शामिल असली अभ्यर्थी जितेन्द्र सिंह यादव और मास्टरमाइंड पंकज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और साक्ष्य संकलन शुरू कर दिया है।


