
वाराणसी।। फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर में मनीष सिंह की पीट-पीटकर की गई जघन्य हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हत्या के वांछित मुख्य आरोपी राजेश प्रजापति और बृजेश प्रजापति को पुलिस ने घेराबंदी करते हुए कठिराव तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रशासन का सख्त रुख
डीसीपी ‘लेडी सिंघम’ नीतू काद्दयान ने मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने का जो वादा किया था, उसे पूरा करते हुए इस मामले में अत्यंत सख्त रुख अपनाया है। एडीसीपी नृपेंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की धर-पकड़ के लिए दबिश दे रही थी। इस गिरफ्तारी के साथ ही अब तक कुल 15 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
जल्द ही दो आरोपी भी होंगे गिरफ्तार
एडीसीपी नृपेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि मामले में नामजद शेष बचे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। कानून की गिरफ्त से कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह और उनकी टीम की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और कानून व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है।


