
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। मड़ियाव थाना पुलिस ने 6 वर्षीय मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार करछी/पलटा भी बरामद कर लिया है।
घटना की शुरुआत 5 जुलाई 2026 को हुई, जब दिनेश कुमार निवासी कटरा दीवानखेड़ा, जिला उन्नाव ने स्थानीय पुलिस को तहरीर दी। शिकायत के अनुसार, आरोपी प्रशांत सिंह उर्फ गौरव सिंह ने उनके 5-6 वर्षीय बच्चे की लात-घूंसों और करछी/पलटे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के क्रम में 6 जुलाई 2026 को मड़ियाव पुलिस की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी प्रशांत सिंह मड़ियाव पुल के नीचे रेलवे लाइन के पास मौजूद है। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र लगभग 26 वर्ष है और वह मूल रूप से अयोध्या जिले के थाना गोसाईगंज क्षेत्र का निवासी है।
आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उच्चतम न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन किया है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास के संबंध में अन्य जनपदों और थानों से भी जानकारी जुटा रही है।

