
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। जनपद के नवाबगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत रैनापुर में आवास योजना में बड़ी अनियमितता सामने आई है। पूर्व में आवास का लाभ ले चुके पांच लाभार्थियों को दोबारा सूची में शामिल करने के आरोप में ग्राम विकास अधिकारी (सचिव) सुशील कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मामला तब उजागर हुआ जब शाहीन बेगम ने शिकायत की कि चयन होने के बावजूद उन्हें धनराशि नहीं मिली। जांच में पता चला कि उन्हें पहले ही इंदिरा आवास योजना का लाभ मिल चुका था, फिर भी उन्हें वर्ष 2025-26 में निराश्रित महिला श्रेणी में दोबारा चयनित किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आफरीन, बदरुन्निसा, गंगाजली और शांति को भी पहले प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका था, लेकिन उन्हें भी दोबारा सूची में शामिल कर लिया गया। इनमें से चार के खातों में 40-40 हजार रुपये की पहली किस्त भेजी जा चुकी थी।
प्रभारी बीडीओ की तहरीर पर अजगैन कोतवाली में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


