
फतेहपुर। शहर के पीरनपुर और नउवाबाग इलाके अब अवैध मादक पदार्थों के खुले बाज़ार में तब्दील होते जा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि यहां दिन-रात नशे की सप्लाई जारी रहने के गंभीर आरोप लग रहे हैं, जिससे जिम्मेदार तंत्र की सक्रियता पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि पीरनपुर में रोजाना लाखों रुपये के गांजे की डील होती है। बड़े-बड़े बैगों में माल पैक कर व्यवस्थित तरीके से सप्लाई नेटवर्क चलाया जा रहा है। बताया जाता है कि पीरनपुर से संचालित गिरोह सैकड़ों छोटे विक्रेताओं तक यह नशा पहुंचा रहा है, जिससे यह कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। वहीं बात करे नउवाबाग की तो उसकी तस्वीर और भी चिंताजनक बताई जा रही है। यहां 24 घंटे नशीले पदार्थ खुलेआम बेचे जाते है बिना किसी भय के और सबसे गंभीर बात यह है कि स्कूल आने जाने वाले नाबालिगों समेत युवा पीढ़ी तक की पहुंच इस जहर तक आसान हो चुकी है। यह कानून-व्यवस्था ही नहीं, समाज के भविष्य पर सीधा हमला है।सबसे बड़ा सवाल पुलिस चौकी की मौजूदगी को लेकर उठ रहा है। जब निगरानी तंत्र पास में है, तो यह कारोबार आखिर कैसे फल फूल रहा है क्या गश्त कमजोर है, सूचना तंत्र फेल है, या कहीं न कहीं सिस्टम में सेंध है? जवाब फिलहाल हवा में हैं। जिम्मेदार एजेंसियों की निगरानी में चूक कहां है?जब तक इन सवालों के ठोस जवाब और कड़ी कार्रवाई सामने नहीं आती, तब तक पीरनपुर नउवा बाग पर उठते सवाल थमने वाले नहीं हैं