
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।। अचलगंज थाना क्षेत्र में मंगेतर सूरज की खुदकुशी के बाद ससुराल में मिले तानों और घर में हुई पिटाई से परेशान होकर मोहद्दीन पुर निवासी युवती कोमल ने जहर खाकर जान दे दी। थानाध्यक्ष बृजेश शुक्ला ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। दोनों के परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मोहिद्दीनपुर गांव निवासी संतोष की बेटी कोमल (22) ने बृहस्पतिवार की रात जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे उन्नाव के नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।युवती ने यह कदम मंगेतर की आत्महत्या के बाद उसके परिजनों के आरोपों और युवक की मौत का जिम्मेदार ठहराने के बाद उठाया। युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे और युवती के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डंडे से पीटने की चोटें और जहर खाने से मौत की पुष्टि हुई है।
युवती के पिता ने बताया कोमल की शादी गौरी त्रिभानपुर गांव निवासी महेश के बेटे सूरज (25) से तय हुई थी। दोनों की 16 फरवरी को गोद भराई भी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सूरज ने बृहस्पतिवार की सुबह फंदे से लटक कर जान दे दी। बेटी की जिद पर उसे सूरज के घर लेकर गए थे। सूरज के परिजन बेटी को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाने लगे। इसके बाद घर आकर उसने जहर खा लिया।
सूरज के पिता महेश ने आरोप लगाया कि बेटे के मोबाइल पर युवती के गांव के ही किसी युवक ने आपत्तिजनक मैसेज किए थे। इसी को लेकर सुबह सूरज और कोमल के बीच करीब एक घंटे बात हुई थी।कोमल से बात करने के बाद सूरज ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और फंदा लगाकर जान दे दी।



