
लखनऊ। गोमतीनगर थाना क्षेत्र के पत्रकारपुरम चौराहे पर रविवार शाम चाय की दुकान पर हुई मारपीट के बाद फायरिंग करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को मौके से हिरासत में लिया और अन्य आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाकर लगातार ताबड़तोड़ दबिश दी।
पुलिस की सख्ती और एनकाउंटर के डर से घबराकर आरोपी खुद गोमतीनगर थाने पहुंच गए और सरेंडर कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गौरतलब है कि पत्रकारपुरम चौराहे स्थित मनीष ईटिंग प्वाइंट चाय की दुकान पर दो गुटों के बीच विवाद के बाद कुछ आरोपी दोबारा बाइक से पहुंचे और फायरिंग कर फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।


