
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। जनपद के शुक्लागंज क्षेत्र में गंगा नदी के बढ़ते कटान से घाटों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कटान के कारण कई घाटों की सीढ़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं और रास्ते असमतल व फिसलन भरे हो गए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
श्रद्धालुओं ने घाटों पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर चिंता जताते हुए प्रशासन से शीघ्र सुदृढ़ीकरण की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा की बदलती धारा और बढ़ते जलस्तर के कारण कटान तेज हुआ है, जिसका सीधा असर घाटों पर पड़ा है। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं के लिए घाट तक पहुंचना जोखिम भरा हो गया है।
फिलहाल पंडा समाज और स्थानीय नागरिक अपने स्तर पर मिट्टी डालकर व रास्तों का समतलीकरण कर स्थिति संभालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए प्रशासनिक हस्तक्षेप जरूरी बताया जा रहा है।


