
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।पुरवा तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत पुरवा की करीब एक बीघा सरकारी ऊसर भूमि को कब्जामुक्त करा लिया। यह जमीन मोहल्ला राजा बाजार निवासी बबलू द्वारा अवैध रूप से घेर ली गई थी, जहां बाउंड्री वॉल और करीब 40 पिलर खड़े कर दुकानें बनाने की तैयारी की जा रही थी।
प्रशासन द्वारा पहले नोटिस देकर निर्माण हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन आदेश की अनदेखी जारी रही। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव, तहसीलदार मनीष द्विवेदी के नेतृत्व में राजस्व टीम ने जेसीबी से अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को नगर पंचायत के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



