
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। जिले में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट बदल ली। बांगरमऊ तहसील क्षेत्र और गंज मुरादाबाद सहित कई इलाकों में तेज आंधी, तूफान और ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की खड़ी गेहूं की फसलें बुरी तरह प्रभावित हो गईं।
शाम करीब 5 बजे शुरू हुई ओलावृष्टि 10 से 15 मिनट तक जारी रही। इस दौरान गिरे ओलों के कारण कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ और राहगीरों को सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा।
स्थानीय किसानों अशोक कुमार, राम कुमार, श्याम कुमार और नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से उनकी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। उनका कहना है कि ओलों की मार से फसल कमजोर हो सकती है, जिससे उत्पादन में गिरावट आने की आशंका है।
किसानों ने सरकार से नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं, इस अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है और भविष्य की खेती को लेकर भी अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।


