
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। जनपद के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र स्थित मिश्रा घाट पर मारपीट की घटना सामने आई है, जहां एक पंडा को डंडे से पीटकर घायल कर दिया गया। घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, टेना पंडा (48) का क्षेत्र निवासी सोनू धानुक (35) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर आरोप है कि सोनू ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे टेना पंडा गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायल ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है, जबकि पुलिस ने निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया है।


