
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।जनपद के विकासखंड असोहा क्षेत्र के ग्राम सभा चौपाई स्थित लगभग 500 वर्ष प्राचीन आनंदेश्वर महादेव शिव मंदिर में शुक्रवार को वार्षिक उत्सव धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धर्मपाल सिंह द्वारा सपत्नीक विधि-विधान से हवन, पूजन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मंदिर के सेवादार रामराज सिंह और आचार्य आनंद कुमार पांडेय जी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में गांव और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पहुंचे। सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
बताया गया कि यह मंदिर लगभग 500 वर्ष पुराना है और क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। करीब दो वर्ष पहले ग्राम सभा के लोगों के सहयोग से मंदिर का पुनर्निर्माण कराया गया था। इसके बाद 6 मार्च 2025 को मंदिर में भगवान शिव की नई मूर्ति की स्थापना कराई गई थी।
उसी स्थापना दिवस की स्मृति में शुक्रवार को प्रथम वार्षिक उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण भी किया गया। आयोजन में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।



