
फतेहपुर।।जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के आलियाबाद गांव में शनिवार को एक शिक्षामित्र और बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) ने कथित रूप से ड्यूटी के दबाव और छुट्टी न मिलने से परेशान होकर स्कूल परिसर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. वहीं गांव में भी गम का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, आलियाबाद गांव निवासी अखिलेश कुमार शिक्षामित्र के पद पर तैनात थे और वर्तमान में बीएलओ की जिम्मेदारी भी निभा रहे थे. बताया जा रहा है कि उनकी बेटी की शादी 8 मार्च को तय थी और शादी की तैयारियां चल रही थीं. परिजनों का आरोप है कि शादी के चलते उन्होंने छुट्टी की मांग की थी, लेकिन उन्हें अवकाश नहीं दिया गया. इसके साथ ही लगातार ड्यूटी का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वे मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे.



