
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की अपराध शाखा और मड़ियांव थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से लगभग 18 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभियुक्तों के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद हुआ है। लगभग 100 ग्राम पीली धातु (सोना) और 01 किलो सफेद धातु (चांदी) के आभूषण, चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त एक TVS राइडर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 8,800 रुपये नकद।
23 फरवरी 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर मड़ियांव पुल के पास से पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान सोनू वर्मा उर्फ बोगा (निवासी लखीमपुर खीरी, वर्तमान पता- मड़ियांव) और सुन्दर लाल गुप्ता (निवासी सुल्तानपुर, वर्तमान पता- मड़ियांव) के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे दिन में बंद मकानों की रेकी करते थे और फिर ताला या खिड़की तोड़कर कीमती जेवरात और नकदी पार कर देते थे। इस गिरफ्तारी से मड़ियांव और सैरपुर थाना क्षेत्रों के कुल तीन मुकदमों का सफल खुलासा हुआ है।
पकड़े गए अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ पहले से ही चोरी, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल इनके एक अन्य फरार साथी की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं (BNS और MV एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। पुलिस अब इनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और अन्य जनपदों में इनके द्वारा की गई वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
