
उन्नाव।।सोमवार को जनपद के थाना अचलगंज परिसर में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कस्बा अचलगंज की कक्षा 9वीं एवं 10वीं की छात्राओं हेतु एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम छात्राओं के शैक्षणिक भ्रमण एवं सुरक्षा के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक अचलगंज, मिशन शक्ति प्रभारी एवं मिशन शक्ति टीम अचलगंज पुलिस के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन से संबंधित योजनाओं तथा उत्तर प्रदेश पुलिस की विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को आत्मरक्षा, सतर्कता एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम द्वारा छात्राओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं। इनमें महिला पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड लाइन 1098, एम्बुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102 एवं साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 प्रमुख हैं।
इसके अतिरिक्त छात्राओं को गुड टच–बैड टच, घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधान, साइबर अपराधों के खतरे एवं उनसे बचाव के उपाय, तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभों के विषय में भी विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में यह भी अवगत कराया गया कि जनपद के प्रत्येक थाने पर नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्र कार्यरत हैं, जहाँ महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित सहायता, परामर्श, शिकायत निस्तारण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।
अंत में छात्राओं से अपील की गई कि वे जागरूक बनें, सुरक्षित रहें और किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच पुलिस सहायता प्राप्त करें। इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ने के साथ-साथ समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी सुदृढ़ होती है।


