
दुबग्गा पुलिस और स्वाट टीम की बड़ी कार्रवाई, आरोपियों के पास से 3 जिंदा देसी बम बरामद,
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राजधानी के दुबग्गा इलाके में रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से एस.आर. ट्रेडर्स भवन पर दिनदहाड़े बम फेंकने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की पश्चिम जोन की टीम ने इस मामले में गिरोह के सरगना समेत 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 3 अवैध देसी बम भी बरामद हुए हैं, जिन्हें निष्क्रिय कर दिया गया है।
बीती 16 जनवरी को शाम करीब 5:30 बजे कोतवाली दुबग्गा के ग्राम सिकरौरी स्थित ‘एस.आर. ट्रेडर्स’ की बिल्डिंग पर अज्ञात बदमाशों ने बमबाजी की थी। इस संबंध में अंकित कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने जानलेवा हमले और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) ने मामले के खुलासे के लिए दो विशेष टीमें गठित की थीं।
सोमवार 26 जनवरी को दुबग्गा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है। इन्द्रेश कुमार सिंह (गैंग सरगना) ज्ञानेन्द्र कुमार, राज उर्फ राजा, मोन, अंकित कुमार, यह सभी अभी गिरफ्तार किए गए।
पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे पहले राहगीरों से मोबाइल लूटते थे और फिर उसी लूटे हुए मोबाइल से व्यापारियों को फोन कर रंगदारी मांगते थे। रंगदारी न मिलने पर दहशत फैलाने के लिए उन्होंने एस.आर. ट्रेडर्स पर बम फेंका था।
जांच में सामने आया है कि इस गिरोह ने 11 जनवरी को मलिहाबाद के ग्राम जगतापुर में भी एक व्यक्ति से टॉर्च जलाकर घर जाते समय मोबाइल लूटा था। पुलिस अब इन अभियुक्तों के अन्य आपराधिक संपर्कों और पूर्व की वारदातों के बारे में विस्तृत छानबीन कर रही है।




