
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। महानगर पुलिस ने एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 29 जून 2026 को पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर की है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि अरून कश्यप नाम के युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और उसका शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
इस शिकायत के आधार पर, महानगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69/352 के तहत मुकदमा संख्या 0118/2026 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महानगर पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। 30 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे, मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने आरोपी को विवेकानंद अस्पताल के इमरजेंसी गेट, पुराना महानगर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरून कश्यप (उम्र 24 वर्ष), निवासी नई फरीदीपुर, रिंग रोड, दुबग्गा, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ के रूप में हुई है।
पुलिस फिलहाल आरोपी के पिछले आपराधिक इतिहास के बारे में अन्य थानों और जिलों से जानकारी जुटा रही है। इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक महेश कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक पंकज यादव और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल थे।



