
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने और ‘लाइक-व्यूज’ बटोरने की चाहत अब जानलेवा साबित हो रही है। ताजा मामला उन्नाव जनपद के गदनखेड़ा बाईपास फ्लाइओवर का है, जहां एक युवती ने व्यस्त हाईवे पर बीच सड़क फिल्मी गाने पर डांस कर रील बनाई। युवती ने न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि वीडियो के कैप्शन में शहर की छवि और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला विवादास्पद संदेश भी लिखा है। यह वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर स्थानीय नागरिकों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
व्यस्त हाईवे बना ‘डांस फ्लोर’
लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे पर स्थित गदनखेड़ा बाईपास फ्लाइओवर जिले के सबसे व्यस्त रूटों में से एक है। यहां 24 घंटे भारी वाहनों और तेज रफ्तार कारों का आवागमन रहता है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती फ्लाइओवर के ठीक ऊपर खड़ी होकर फिल्मी गाने ‘ये खबर छपवा दो अखबार में, पोस्टर लगवा दो बाजार में’ पर थिरक रही है। जिस समय यह वीडियो फिल्माया गया, पीछे से तेज रफ्तार वाहन गुजर रहे थे। एक छोटी सी चूक या अनियंत्रित वाहन इस रील को जानलेवा हादसे में बदल सकता था।
कैप्शन ने खड़ा किया विवाद: ‘हमारा अलग ही रुतबा है’
युवती ने वीडियो को केवल पोस्ट ही नहीं किया, बल्कि इसके साथ एक ऐसा कैप्शन लिखा है जो सीधे तौर पर अनुशासनहीनता को दर्शाता है।
युवती ने लिखा— “वीडियो बनाने से डरते हैं लोग, उन्नाव में अलग ही रुतबा है हमारा।” यह कैप्शन न केवल कानून के प्रति निडरता को प्रदर्शित करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि रील बनाने वालों के मन में सड़क सुरक्षा और पुलिस की कार्रवाई का कोई डर नहीं है। सोशल मीडिया यूजर्स ने इस कैप्शन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। लोगों का कहना है कि व्यस्त सड़कों पर इस तरह की हरकतें दूसरों की जान को भी खतरे में डालती हैं।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन
यातायात नियमों के अनुसार, नेशनल हाईवे या फ्लाइओवर पर वाहन खड़ा करना या पैदल चलकर स्टंट करना दंडनीय अपराध है। युवती के इस कृत्य से न केवल यातायात बाधित हुआ, बल्कि वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों का ध्यान भी भटका, जो किसी बड़े एक्सीडेंट का कारण बन सकता था। हाल के दिनों में उन्नाव पुलिस ने स्टंटबाजों और सड़क पर रील बनाने वालों के खिलाफ कड़े अभियान चलाए हैं, लेकिन इसके बावजूद युवा अपनी जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं।



