
कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम नगर आगमन पर जाजमऊ चेक पोस्ट से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में कार्यकर्ताओं ने उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। इस दौरान निकले भव्य रोड शो ने पूरे शहर को भगवामय कर दिया। स्वागत की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गंगा में नावों से गुब्बारे उड़ाए गए और कई स्थानों पर खड़े बुलडोजरों से फूलों की बारिश कर प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया। जाजमऊ से शुरू हुआ काफिला जेके चौराहा और लाल बंगला मार्केट होते हुए आगे बढ़ा, जहाँ उत्साहित समर्थकों की भारी भीड़ ने उत्सवी माहौल बना दिया।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।
हालाँकि, रोड शो में उमड़े जनसैलाब और डायवर्जन के कारण शहर के आम वाहन चालकों को घंटों जाम की स्थिति से जूझना पड़ा। इस भव्य स्वागत समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता शामिल रहे, जिन्होंने पूरे मार्ग पर ‘जय श्री राम’ और पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। जाजमऊ में भव्य स्वागत के बाद कार्यकर्ताओं ने काफिले को शहर के अन्य निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना किया।



