

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के सनिगवां रोड स्थित दक्षिण मुखी बालाजी मंदिर में आस्था को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। मंदिर कमेटी के सदस्य शशांक तिवारी ने पूर्व कोषाध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डेय और उनके सहयोगियों पर दानपात्र तोड़कर करीब 8 लाख रुपये लूटने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए मंदिर समिति पर अवैध कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने सदस्यों के फर्जी हस्ताक्षर कर नई संस्था रजिस्टर्ड करा ली और विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी।घटना 11 जनवरी की दोपहर की बताई जा रही है, जब आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरे बंद कर पिछले 15 महीनों से जमा चढ़ावे को बोरियों में भरा और पिछले दरवाजे से फरार हो गए। हालांकि, मंदिर के पुजारी ने अपने मोबाइल से इस पूरी करतूत का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो साक्ष्य होने के बावजूद पीड़ित पक्ष का आरोप है कि चकेरी पुलिस मामले में लीपापोती कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। न्याय की गुहार लगाते हुए मंदिर के भक्त और पुराने सदस्य लगातार थाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।



