
कानपुर। कमिश्नरेट पुलिस ने हवाला और अवैध लेन-देन के एक बड़े सिंडिकेट को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में नकदी और चांदी बरामद करने में सफलता हासिल की है। कलेक्टरगंज थाना क्षेत्र के घनी आबादी वाले धनकुट्टी इलाके में क्राइम ब्रांच ने एक मकान पर छापेमारी कर करीब 2 करोड़ रुपये नगद और 70 किलो चांदी जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत भी करोड़ों में बताई जा रही है। मौके से नेपाली करेंसी भी बरामद हुई है। इस सनसनीखेज छापेमारी की सूचना पर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल और जॉइंट सीपी विनोद कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर ‘गुप्ता’ नामक व्यक्ति के मकान पर छापा मारा, जहाँ से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों से हवाला कारोबार और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अवैध लेनदेन का यह गिरोह कब से सक्रिय था और इसके तार कहाँ-कहाँ जुड़े हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



