
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।
कोतवाली गंगाघाट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गायत्री मंदिर में शुक्रवार दोपहर हवन-पूजन के दौरान दो महिलाओं की सोने की चेन चोरी होने से हड़कंप मच गया। पीड़िताओं का आरोप है कि अज्ञात महिलाओं ने जानबूझकर टकराकर भीड़ का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित महिलाओं की पहचान रमा सोनी और पुष्पा जायसवाल के रूप में हुई है। दोनों पूजा-अर्चना और प्रसाद ग्रहण करने मंदिर पहुंची थीं। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया।
रमा सोनी ने बताया कि मंदिर परिसर में एक महिला बार-बार उनसे टकरा रही थी, लेकिन उस समय उन्हें कोई शक नहीं हुआ। कुछ देर बाद जब गले में हाथ डाला तो 8–9 ग्राम वजन की सोने की चेन गायब मिली
वहीं पुष्पा जायसवाल ने बताया कि प्रसाद वितरण स्थल के पास दो महिलाएं—एक लाल साड़ी में—जानबूझकर एक आगे से और दूसरी पीछे से टकराईं। इसी दौरान उनके गले से एक तोले की चेन निकाल ली गई। जब तक उन्हें अहसास हुआ, आरोपी महिलाएं भीड़ में ओझल हो चुकी थीं।
मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। कोतवाली गंगाघाट पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
श्रद्धालुओं से अपील है कि भीड़-भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर आभूषण पहनते समय सतर्क रहें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।



