उन्नाव (गंगाघाट): उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद अंतर्गत गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक दबंग युवक ने न केवल किशोरी के साथ अश्लील हरकतें कीं, बल्कि विरोध करने और शिकायत करने पर उसके पूरे परिवार को निशाना बनाया। आरोपी पक्ष द्वारा रात के अंधेरे में किए गए पथराव से पीड़िता के परिवार के कई सदस्य लहूलुहान हो गए हैं। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा और पुलिस के इकबाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शौच के लिए गई किशोरी के साथ अश्लीलता
घटना की शुरुआत दिनदहाड़े हुई, जब हाजीपुर गांव की रहने वाली एक किशोरी घर से बाहर शौच के लिए गई थी। आरोप है कि गांव का ही एक युवक पहले से घात लगाकर बैठा था। किशोरी को अकेला पाकर उसने उसे पकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लगा। पीड़िता ने जब खुद को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी उसे जबरन झाड़ियों की ओर खींचने लगा। किशोरी के शोर मचाने और कड़े विरोध के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से भाग निकला।
शिकायत करने पर रात में ‘खूनी’ हमला
सहमी हुई किशोरी ने घर पहुँचकर अपनी आपबीती माता-पिता को सुनाई। बेटी के साथ हुई इस बदसलूकी से आक्रोशित परिजन जब आरोपी के घर उलाहना देने पहुँचे, तो उन्हें क्या पता था कि न्याय मांगना उन्हें और भी भारी पड़ेगा। गुरुवार की रात, जब पूरा गांव सो रहा था, आरोपी पक्ष ने एकजुट होकर पीड़िता के घर पर धावा बोल दिया।
आरोपियों ने घर को घेरकर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। पत्थरों की बारिश से घर में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में किशोरी की बुआ और परिवार के अन्य सदस्यों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है
पुराना अपराधी है आरोपी, गांव में खौफ का माहौल
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि उक्त युवक की क्षेत्र में दबंगई है और वह पहले भी गांव की अन्य किशोरियों के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ जैसी वारदातों को अंजाम दे चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में पुलिस द्वारा कड़ी कार्रवाई न किए जाने के कारण आरोपी के हौसले बुलंद हैं। इस घटना के बाद से गांव की महिलाओं और स्कूल जाने वाली लड़कियों में भारी डर व्याप्त है। लोगों का कहना है कि अगर अपराधी इसी तरह बेखौफ रहेंगे, तो बेटियों का घर से निकलना दूभर हो जाएगा।



