जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव (अजगैन): उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। दोनों युवक कानपुर से लखनऊ नौकरी के सिलसिले में जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें अपना ग्रास बना लिया।
बाबा ढाबा के पास हुआ रूह कंपा देने वाला हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे की है। कानपुर के ईदगाह कॉलोनी निवासी राम कुमार (26) पुत्र हरिश्चंद, अपने साथी रंजीत (28) पुत्र राम मिलन के साथ बाइक से लखनऊ की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक अजगैन थाना क्षेत्र के नवाबगंज स्थित ‘बाबा ढाबा’ के पास पहुँची, सड़क किनारे खड़े एक डंपर ट्रक से उनकी अनियंत्रित बाइक सीधे जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क के बीचों-बीच जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक की चपेट में भी वे आ गए, जिससे स्थिति और अधिक भयावह हो गई।
रोजगार की तलाश में जा रहे थे लखनऊ
बताया जा रहा है कि मृतक राम कुमार और घायल रंजीत एक एडवरटाइजिंग (विज्ञापन) कंपनी में काम करते थे। शुक्रवार सुबह वे दोनों कानपुर से ट्रांसपोर्ट नगर, लखनऊ अपनी ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए निकले थे। परिवार वालों को क्या पता था कि सुबह घर से काम पर निकले इन युवाओं के साथ ऐसा हादसा हो जाएगा। राम कुमार की मौत की खबर जैसे ही ईदगाह कॉलोनी स्थित उनके घर पहुँची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



