-आर के श्रीवास्तव: प्रमुख संवाददाता




लखनऊ, 31 दिसंबर।
लखनऊ पुलिस मुख्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने विभिन्न पैरामीटर्स पर पुलिस की उपलब्धियों और समस्याओं के निराकरण के बारे में बिंदुवार प्रकाश डाला। डीजीपी ने बताया कि वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश में दंगा फसाद नहीं हुआ है तथा जातीय संघर्ष भी किसी प्रकार का नहीं हुआ है। कुंभ मेला, माघ मेला, आजादी का अमृत महोत्सव, जी 20 सम्मेलन, ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट, टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच, क्रिकेट विश्व कप 2023 तथा आईपीएल क्रिकेट मैच का सफलतापूर्वक आयोजन कराया जा सका। अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को श्री राम जन्मभूमि में मूर्ति स्थापना प्राण प्रतिष्ठा आदि का सफलतापूर्वक आयोजन कराया जा सका। 25 नवंबर 2025 को अयोध्या के श्री राम मंदिर में ध्वजारोहण का वृहद कार्यक्रम विध्न रहित आयोजित हुआ। इसके साथ ही पहले धार्मिक स्थान पर तेज लाउडस्पीकर जो बजाए जाते थे उनपर उचित कार्रवाई करते हुए 117145 लाउडस्पीकर हटवाए गए तथा 185468 लाउडस्पीकरों की ध्वनि मानक के अनुसार कम कराई गई। सड़कों पर आवागमन बाधित करके धार्मिक आयोजन पर पूर्णतया प्रतिबन्ध कुशलता पूर्वक लागू कर दिया गया। लोकसभा निर्वाचन 2019, पंचायत चुनाव 2021, विधानसभा निर्वाचन 2022, नगरनिकाय निर्वाचन 2023 तथा लोकसभा निर्वाचन 2024 को सफलतापूर्वक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सका। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित पुलिस विभाग के यक्ष ऐप का लोकार्पण किया गया। बिग डाटा एनालिसिस की सहायता से बीट बुक डिजिटल रूप में उपलब्ध हो गया है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने तमाम आंकड़े देते हुए आगे बताया कि 2017 से अभी तक मारे गए अपराधियों की संख्या 266, घायल हुए अपराधियों की संख्या 10990, रासुका के अंतर्गत निरुद्ध अभियुक्त 975, गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत अभियोग 27 288 आदि कई आंकड़े दिए। आगे यह भी बताया कि एआई के माध्यम से अपराधों की मॉनिटरिंग बेहतर ढंग से की जा रही है और सड़क दुर्घटनाओं पर तथा महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस किया जा रहा है।



