
उन्नाव।।सोहरामऊ थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत जैतीपुर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram नाबालिग बेटियों और उनके परिवारों के लिए गंभीर खतरे की घंटी बनता जा रहा है। मोबाइल की स्क्रीन पर शुरू होने वाली दोस्ती कब भावनात्मक जाल में बदल जाए—इसका अंदाजा परिजनों को तब होता है, जब घर की बेटी अचानक गायब हो जाती है।
ताजा मामले में 16 वर्षीय छात्रा रोज़ की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, मगर जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार में कोहराम मच गया। बदहवास हालत में छात्रा की मां सोहरामऊ थाने पहुंची और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ समय से Instagram पर एक युवक से लगातार चैटिंग कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि उसी युवक ने मीठी बातों और झूठे वादों के जरिए नाबालिग को अपने प्रेम-जाल में फंसाया और घर छोड़ने के लिए उकसाया। पीड़ित परिवार ने संदिग्ध युवक का मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया जानकारी पुलिस को सौंप दी है।
परिजनों का कहना है कि आजकल सोशल मीडिया पर सक्रिय शातिर युवक नाबालिगों की मासूमियत का फायदा उठा रहे हैं। स्कूल बैग के साथ घर से निकलने वाली बेटियां कब भरोसे और भावनाओं के जाल में फंसकर लापता हो जाएं, यह सबसे बड़ा डर बन गया है। ऐसे मामलों से परिवार मानसिक और सामाजिक रूप से टूट रहे हैं।
इस पूरे मामले में सोहरामऊ पुलिस ने छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोबाइल नंबर, चैट ट्रेल और संभावित लोकेशन को ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस टीम को उम्मीद है कि जल्द ही छात्रा का पता लगा लिया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर सख्त निगरानी और जागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस दर्द से न गुजरे।

