
कानपुर देहात: कानपुर देहात में आगामी पंचायत चुनावों की तैयारी को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में जिले की पंचायत निर्वाचक नामावलियों के वृहद पुनरीक्षण-2025 का कार्य गति पकड़ रहा है। इसी क्रम में अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अमित कुमार ने मतदाता सूची के अनंतिम प्रकाशन की घोषणा कर दी है। यह सूची अब आम जनता के अवलोकन के लिए विभिन्न सरकारी केंद्रों पर उपलब्ध करा दी गई है।
इन स्थानों पर देखी जा सकती है मतदाता सूची
अपर जिला मजिस्ट्रेट अमित कुमार के अनुसार, मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन जिला निर्वाचन कार्यालय, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास खंड कार्यालय और जिले के सभी मतदान केंद्रों पर किया गया है। जनसामान्य की सुविधा के लिए यह सूची 24 दिसंबर 2025 से 30 दिसंबर 2025 तक निरीक्षण हेतु इन स्थानों पर उपलब्ध रहेगी। ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक अपने मतदान केंद्र पर जाकर अपना और अपने परिवार का नाम सूची में देख सकते हैं।
नए मतदाताओं के पास पंजीकरण का सुनहरा मौका
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो युवा 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा सकते हैं। इसके साथ ही जिन पात्र लोगों के नाम किन्हीं कारणों से छूट गए हैं, वे भी प्रपत्र-2 भरकर अपना आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन 24 दिसंबर से 30 दिसंबर के बीच संबंधित बीएलओ को सौंपना अनिवार्य होगा।
अशुद्धियों के सुधार और आपत्तियों के लिए निर्धारित प्रपत्र
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग प्रपत्र निर्धारित किए हैं। यदि किसी मतदाता की प्रविष्टि में कोई गलती है, तो वह प्रपत्र-3 के माध्यम से संशोधन करा सकता है। वहीं, यदि मतदाता सूची में शामिल किसी नाम पर किसी को आपत्ति है, तो वह प्रपत्र-4 पर अपना विरोध दर्ज करा सकता है। ये सभी दावे और आपत्तियां संबंधित बीएलओ, खंड विकास अधिकारी कार्यालय या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा की जा सकती हैं।



