जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के कुसुंभी गांव निवासी युवक विमलेश उर्फ गुड्डू (37) की हत्या के मामले में पुलिस जांच ने अब निर्णायक मोड़ ले लिया है। माखी थाना क्षेत्र में सोमवार को शारदा नहर पटरी पर शव मिलने के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया, वहीं शाम करीब 6 बजे मृतक के पैतृक खेत में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शव को दफनाया गया। इस दौरान अजगैन, सोहरामऊ और माखी थानों की पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रही, जबकि पूरे घटनाक्रम की निगरानी क्षेत्राधिकारी हसनगंज अरविंद कुमार चौरसिया ने की।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की पत्नी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर सर्विलांस पर लगाया है। साथ ही मृतक और उसकी पत्नी—दोनों के मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगालने पर ऐसे अहम सुराग मिले हैं, जिनसे हत्या की कड़ियां आपस में जुड़ती नजर आ रही हैं। इन तथ्यों के सामने आने के बाद पुलिस की शक की सुई मृतक की पत्नी के एक रिश्तेदार के इर्द-गिर्द घूमने लगी है। इसी क्रम में पुलिस ने पत्नी के एक रिश्तेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन मूवमेंट और घटनाक्रम के समय से जुड़े डिजिटल सबूत जांच को नई दिशा दे रहे हैं। हालांकि, अधिकारी फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पुलिस का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर जल्द ही हत्या के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा। इलाके में चर्चा है कि यह मामला अब जल्द ही बड़े खुलासे की ओर बढ़ रहा है।



