संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र में कानपुर–लखनऊ हाईवे पर मंगलवार भोर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। जगदीशपुर गांव के सामने घने कोहरे में डीसीएम और डंपर की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें डीसीएम में सवार क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
गोंडा जिले के करनैलगंज निवासी शमशुद्दीन (45) डीसीएम में क्लीनर के रूप में काम कर परिवार का पेट पाल रहे थे। रोज़ की तरह वह भी जालौन से हरी मटर लादकर गोंडा लौट रहे थे, लेकिन किसी को क्या पता था कि यह सफर उनका आखिरी सफर बन जाएगा। सुबह करीब पांच बजे जगदीशपुर मोड़ के पास आगे चल रहे डंपर ने अचानक गांव की ओर मोड़ लिया। घना कोहरा होने के कारण डीसीएम चालक को डंपर दिखाई नहीं दिया और डीसीएम का बायां हिस्सा सीधे डंपर से जा टकराया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल शमशुद्दीन को एम्बुलेंस से नवाबगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शमशुद्दीन अपने पीछे दो बेटे जुनैद (17) और जैद (9) तथा दो बेटियां अलखिया बानो (13) और अलसिफा (7) छोड़ गए हैं। पिता की मौत की खबर सुनते ही बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पत्नी बेसुध हो गई।
अजगैन प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर घने कोहरे में हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।

