
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस के अवसर पर वासुदेव फाउंडेशन द्वारा गोमतीनगर स्थित मैक्स हॉस्पिटल में आयोजित महा रक्तदान शिविर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सैकड़ों यूनिट रक्तदान किया। शिविर ने स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ मानवता और जनसेवा का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा, “रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है। ऐसे जनहितकारी अभियान समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं तथा युवाओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।”
वासुदेव फाउंडेशन के संस्थापक आनंद आज़ाद ने कहा, “अखिलेश यादव जी के जन्मदिवस को जनसेवा के रूप में मनाने का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना है। सैकड़ों लोगों की सहभागिता ने इस अभियान को सफल और प्रेरणादायी बना दिया।”
शिविर में चिकित्सकों की देखरेख में सुरक्षित रूप से रक्तदान कराया गया तथा रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं, समाजसेवियों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही।

