उन्नाव।।नवाबगंज में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कस्बे के प्रमुख चौराहे पर बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन किया और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमले, धार्मिक स्थलों को नुकसान और भय का माहौल बनाकर पलायन को मजबूर किए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन्हें लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि वह कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप कर वहां के हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराए।
सूचना मिलते ही अजगैन कोतवाली क्षेत्र की नवाबगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस की निगरानी में पुतला दहन और नारेबाजी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
यह प्रदर्शन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों में इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

