
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।तहसील बीघापुर क्षेत्र स्थित सोसाइटी मेंडीलाल खेड़ा (मीरमऊ) में खाद वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। किसानों का आरोप है कि सोसाइटी सचिव द्वारा अपने चहेते किसानों को पहले खाद उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि अन्य किसानों को सर्वर खराब होने का बहाना बनाकर वापस लौटा दिया जाता है।
किसानों ने बताया कि खाद प्राप्त करने के लिए वे सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े रहते हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल पाती। जब किसानों ने इस मनमानी का विरोध किया तो सचिव द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग कर किसानों को अपमानित किया गया।
किसानों का कहना है कि रबी फसलों की बुवाई का समय चल रहा है और खाद की अत्यधिक आवश्यकता है। ऐसी स्थिति में खाद वितरण में पक्षपात और अव्यवस्था से उनकी खेती पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
पीड़ित किसानों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा खाद का समान रूप से वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करने को विवश होंगे।


