जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।जनपद में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जयपुर से लखनऊ जा रही एक यात्री बस बेघटा मुजावर थाना क्षेत्र में आगे चल रहे कंटेनर से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर सहित तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में सवार 20 से अधिक अन्य यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तड़के घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी कारण बस चालक आगे चल रहे कंटेनर को समय रहते नहीं देख सका और बस सीधे उससे जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सीट में फंस गया, जिससे उसकी तत्काल मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा), स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी बांगरमऊ ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल कंडक्टर की पहचान मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी हरिओम के रूप में हुई है। अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि हादसे के समय अधिकांश लोग सो रहे थे। तेज झटके के साथ बस रुकते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि अधिकांश यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आईं।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, वहीं घने कोहरे में वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।



