
खागा/फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के अवधूतपुर गांव में संगोलीपुर मोरम खदान से निकलने वाले ओवरलोड ट्रकों ने ग्रामीणों का जीना दुश्वार कर दिया है। उड़ती धूल से परेशान ग्रामीणों ने देर रात खदान से निकलने वाले सभी वाहनों को रोककर जोरदार विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों के अनुसार खदान संचालक न तो सड़क पर पानी डलवा रहा है और न ही ओवरलोडिंग पर रोक लगा रहा है। ट्रकों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल घरों के अंदर तक पहुंच रही है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। कई बार अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने बताया कि धूल से पूरे गांव का माहौल दूषित हो रहा है और सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। बार-बार मांग करने के बाद भी जब प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया तो मजबूर होकर ग्रामीणों ने खदान से निकलने वाले वाहनों को रोकने का निर्णय लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क पर नियमित रूप से पानी नहीं डाला जाएगा और ओवरलोडिंग पर रोक नहीं लगेगी, तब तक विरोध जारी रहेगा।



