
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।मियागंज चौराहा वर्षों से दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब जाने वाली प्राइवेट बसों का अनौपचारिक केंद्र बना हुआ है। यहां करीब दस बस अड्डे संचालित हैं, लेकिन इनमें से ज्यादातर बसें बिना किसी वैध परमिट के सड़कों पर दौड़ाई जा रही थीं। जिम्मेदार विभाग लंबे समय से इन अवैध बस स्टैंडों पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रहे थे।
बुधवार को कार्रवाई तेज करते हुए कार्यवाहक थाना प्रभारी राम प्रकाश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वहां खड़ी बसों से रूट परमिट और आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन कई चालक कागजात दिखाने में नाकाम रहे।
दो बसें मौके पर सीज
जांच में दो प्राइवेट बसें बिना परमिट के संचालित पाई गईं। पुलिस ने दोनों बसों को मौके पर ही सीज कर थाने भिजवा दिया।
थाना प्रभारी राम प्रकाश ने बताया कि—
“भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध बस अड्डों और बिना परमिट चलने वाली बसों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।”
कई सालों से जारी थी अवैध संचालन की समस्या
स्थानीय लोगों के अनुसार, मियागंज चौराहा लंबे समय से अवैध बस संचालन का केंद्र बना था। रोजाना दर्जनों बसें बिना परमिट के दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब के लिए रवाना होती थीं। इससे जहां यात्रियों की सुरक्षा को खतरा बना था, वहीं राजस्व की भी बड़ी हानि हो रही थी।



