
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। राहगीरों से चोरी कर जीविकोपार्जन करने वाले एक गिरोह पर लखनऊ की मडियांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ई-रिक्शा में बैठे यात्रियों का कीमती सामान चोरी करने वाली दो महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीम ने 28.11.2025 को इन महिलाओं को सीतापुर रोड क्षेत्र से पकड़ा।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रजनी 25, पलवल, हरियाणा और रामबती 26, धौलपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। ये ई-रिक्शा में सवार होकर राहगीरों के सोने-चाँदी के आभूषण और नकदी चुराती थीं।
पुलिस ने दोनों महिलाओं के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किए गए कीमती ज़ेवरात और नकदी बरामद की है। इस बरामदगी से मडियांव थाने में पंजीकृत कई मुकदमों का अनावरण हुआ है। अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जनपदों से भी जुटाई जा रही है।



