
उन्नाव में एक बुजुर्ग महिला से अभद्रता और धमकी देने का मामला गंभीर रूप से तूल पकड़ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सदर कोतवाली में तैनात दरोगा उमा अग्रवाल के दुर्व्यवहार के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस *अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने मामले की जांच सहायक पुलिस अधीक्षक दीपक यादव को सौंपी है।
वीडियो में दरोगा बुजुर्ग महिला पर सख्त और अपमानजनक लहजे में चिल्लाते हुए सुनाई देती हैं—
“इतने लगाएंगे जूता कि शक्ल भूल जाओगी!”
यह वीडियो सामने आते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
कैसे भड़का विवाद?
जानकारी के अनुसार, दरोगा उमा अग्रवाल डकोैली गांव में एक मुकदमे संबंधी नोटिस की तामील कराने पहुंची थीं। इसी दौरान उनका एक बुजुर्ग महिला से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते अभद्रता और धमकी में बदल गया। किसी ग्रामीण ने पूरा घटनाक्रम वीडियो में कैद कर लिया, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस प्रशासन की सख्ती
एसपी उन्नाव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वर्दी में अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई तय होगी।
ग्रामीणों में नाराज़गी
घटना से ग्रामीण बेहद आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि पुलिस को आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए, न कि डराने-धमकाने वाला रवैया अपनाना चाहिए।



