
उन्नाव। मुर्तजा नगर नहर लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। *हादसे में मोटरसाइकिल सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा मुर्तजा नगर नहर के पास हुआ, जब तीनों युवक काम से घर लौट रहे थे।

मृतकों की पहचान रिंकू व नीरज के रूप में हुई
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शिवनगर निवासी रिंकू (28) और नीरज (27) के रूप में हुई है। दोनों घनिष्ठ मित्र थे और रोजाना साथ ही काम पर आते-जाते थे। कुछ समय पहले ही रिंकू झांसी से लौटा था, जहां वह देशी बियर बेचने का काम करता था। इसके साथ ही तीनों मिलकर गांव के बाहर पेड़ों पर बने मधुमक्खी के छत्तों से शहद निकालने का काम भी करते थे, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय होती थी।

चंदन गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी
हादसे में तीसरा साथी चंदन (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना दही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान रिंकू और नीरज को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल चंदन को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
दोनों परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा
रिंकू और नीरज की मौत के बाद दोनों परिवारों पर गहरा संकट छा गया है। मृतक नीरज दो बेटों और एक बेटी का पिता था, जबकि रिंकू के परिवार में एक छोटा बेटा है। दोनों परिवार आर्थिक रूप से कमजोर बताए जा रहे हैं।
अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस
CCTV फुटेज खंगाल रही
हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हाईवे के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना में शामिल वाहन की पहचान कर चालक को गिरफ्तार किया जा सके।



