अलीगढ़। जिले के बन्ना देवी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब रोरावर थाने में तैनात महिला कांस्टेबल हेमलता ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से आगरा के किरावली की रहने वाली हेमलता 2016 बैच की सिपाही थीं और लंबे समय से अलीगढ़ में तैनात थीं।

शनिवार की सुबह पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने हेमलता के कमरे की खिड़की से झांककर देखा कि वह फंदे से लटकी हुई हैं। महिला ने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और दरवाज़ा तोड़कर हेमलता को नीचे उतारा। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की जबरन प्रवेश या संघर्ष के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस मोबाइल फोन, कमरे की जाँच और व्यक्तिगत दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
टीम के अनुसार, हेमलता के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
फिलहाल उनकी आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और परिजनों से पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
एक युवा महिला सिपाही की ऐसे अचानक हुई मौत से पूरे पुलिस विभाग में शोक और मायूसी का माहौल है।
सीनियर अधिकारी मामले पर नजर बनाए हुए हैं और विभागीय स्तर पर भी जांच की जा रही है।