संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।रविवार शाम को बीघापुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में एक अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान करना मुश्किल हो रहा था, क्योंकि वह करीब 70 प्रतिशत जल चुका था। शव के पास मिले सुरागों ने हत्या की गहरी साजिश की ओर इशारा किया है। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच में तेजी ला दी है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शव को सबसे पहले कुछ राहगीरों ने देखा और सूचना दी। बीघापुर थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और जले हुए कपड़ों के अवशेष, मिट्टी के नमूने और संभावित घसीटने के निशान भी इकट्ठे किए।
पुलिस का कहना है कि यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, जिसमें शव को जलाकर पहचान छिपाने की कोशिश की गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, आसपास की गुमशुदगी रिपोर्टों और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि शव की शिनाख्त की जा सके और घटना की असली वजह का पता चल सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत के कारणों पर खुलासा हो सके और मामले की गुत्थी सुलझाई जा सके।
अब यह देखना होगा कि पुलिस इस रहस्य से पर्दा कैसे उठाती है और इलाके के लोग इस खौ़फनाक वारदात के बाद कितने दिनों तक सहमे रहते हैं।


