संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने शनिवार को जिलेभर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित तीन संयुक्त टीमों ने कुल 80 बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान 60 नमूने संदिग्ध पाए जाने पर सील कर प्रयोगशाला भेजे गए, जबकि 6 दुकानों को अनियमितताओं पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
अचानक की गई इस छापेमारी में स्टॉक रजिस्टर, बिल बुक, बारकोड, वैधता अवधि और गुणवत्ता प्रमाणपत्र सहित सभी प्रमुख दस्तावेजों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि कई दुकानों में रिकॉर्ड अधूरे या संदिग्ध मिले हैं, जिनकी पुष्टि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद होगी। रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कौन-कौन सी टीमों ने की कार्रवाई
उप कृषि निदेशक रवि चंद्र प्रकाश की टीम ने बीघापुर और पुरवा क्षेत्र में दुकानों का निरीक्षण कियाजं
जिला कृषि अधिकारी शशांक ने हसनगंज व सदर क्षेत्र में छापेमारी की।
वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (ग्रुप-ए) व एसडीएम अनुराग कुमार की संयुक्त टीम ने सफीपुर और बांगरमऊ में दुकानों की जांच की।
टीमों ने पूरे अभियान में बाजारों में घूमकर दस्तावेजों का मिलान किया और किसी भी गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
इन दुकानों को जारी हुआ नोटिस
अन्नपूर्णा बीज भंडार, किसान बीज भंडार, शिवा बीज भंडार, रबी बीज भंडार (अचलगंज), बाजपेयी बीज भंडार (जटपुरवा, सफीपुर) और किसान बीज भंडार (बीघापुर) के दस्तावेजों में अनियमितताएँ मिलीं, जिन पर विभाग ने स्पष्टीकरण मांगा है।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
कृषि विभाग ने स्पष्ट कहा है कि रबी सीजन से पहले किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना शीर्ष प्राथमिकता है। यदि कोई दुकानदार गुणवत्ता से समझौता करता पाया गया, नमूना जांच में फेल हुआ या नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं देता, तो
उसका लाइसेंस निलंबित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि ऐसी औचक जांच आगे भी जारी रहेंगी, ताकि किसानों को सही बीज मिले और उत्पादन प्रभावित न हो।



