
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।।कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले के दौरान बुधवार देर रात उन्नाव के शुक्लागंज क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। नवीन गंगापुल से गंगा नदी में गिरे एक किशोर को 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ की बाढ़ राहत टीम ने बहादुरी से बचा लिया। इस साहसिक बचाव अभियान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के मौके पर कोतवाली गंगाघाट क्षेत्र के डीबी पैलेस, शुक्लागंज में पीएसी की एक टीम तैनात थी। देर रात सूचना मिली कि एक युवक पुल से गंगा में कूद गया है। सूचना मिलते ही आरक्षी नारायण मौर्य के नेतृत्व में आरक्षी सुधीर कुमार राय, बबलू, मिथुन कुमार और पीयूष मिश्रा ने बिना देरी किए नदी में छलांग लगाई और तेज धारा तथा अंधेरे के बावजूद कुछ ही मिनटों में युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूछताछ में किशोर की पहचान कानपुर नगर के बेगमगंज निवासी 17 वर्षीय मोहम्मद अयान पुत्र मोहम्मद सलीक के रूप में हुई। अयान ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ पुल पर सोशल मीडिया रील बना रहा था, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नदी में गिर गया। पीएसी जवानों की तत्परता और सतर्कता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। बचाव के बाद युवक को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। गंगाघाट कोतवाल अजय सिंह ने पीएसी टीम की सराहना करते हुए कहा कि, “अगर जवानों ने तुरंत कार्रवाई न की होती तो हादसा गंभीर हो सकता था।”स्थानीय लोगों ने भी पीएसी जवानों के साहस और मानवीय संवेदनशीलता की खुलकर प्रशंसा की



