
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव। मंगलवार की शाम जैसे ही सूरज ढला, आनंद घाट भक्ति और आस्था की रोशनी में नहा उठा। गंगा तट पर जलते हजारों दीपों की कतारें देखकर लगा मानो धरती पर सितारे उतर आए हों। गंगा की लहरों पर तैरते दीप और श्रद्धालुओं की जुबां से निकला “हर हर गंगे” का जयघोष पूरे माहौल को दिव्यता से भर गया।
गंगा उत्सव 2025 के तहत जिला प्रशासन और वन विभाग की ओर से आयोजित दीपदान और दीपोत्सव कार्यक्रम में शहर के लोग उमड़ पड़े। जिलाधिकारी गौरांग राठी और सदर विधायक पंकज गुप्ता ने मां गंगा की आरती की और दीप प्रवाहित कर गंगा मैया से आशीर्वाद मांगा।
डीएम ने कहा कि गंगा केवल श्रद्धा नहीं, पर्यावरण और जीवन की धारा हैं। हमें मिलकर इसे स्वच्छ और अविरल बनाए रखना होगा। वहीं विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि “गंगा हमारी सभ्यता की आत्मा हैं। हर नागरिक को इसके संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
इस मौके पर सीडीओ कृति राज, जिला वन अधिकारी आरुषी मिश्र, सीओ सिटी दीपक यादव, एसडीएम सदर क्षितिज कुमार द्विवेदी, गंगाघाट नगरपालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडेय और ईओ मुकेश मिश्र तथा पालिका प्रतिनिधि संदीप पांडेय सहित कई अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक दीपदान कर गंगा की स्वच्छता और संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं ने गंगा स्वच्छता पर गीत, नृत्य और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। “गंगा स्वच्छ, भारत श्रेष्ठ” के नारों से घाट गूंज उठा। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने और घाटों को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई गई।



