
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव ।।जिले में सोमवार को एक युवक का खुलेआम असलहा लहराते हुए दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह वीडियो इंस्टाग्राम आईडी “KARAN_MAFIYA_0001” से अपलोड किया गया है, जिसमें युवक कट्टा लेकर फिल्मी अंदाज में रील बनाता नजर आ रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घटना थाना बिहार क्षेत्र के ऑट मन्नूखेड़ा गांव की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि खुलेआम असलहा लहराना कानून का उल्लंघन है और इससे समाज में भय का माहौल बनता है।
वीडियो वायरल होते ही थाना बिहार पुलिस हरकत में आ गई। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि वीडियो की सत्यता और स्थान की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह ऑट मन्नूखेड़ा इलाके का प्रतीत हो रहा है। साइबर टीम की मदद से वीडियो और इंस्टाग्राम अकाउंट की तकनीकी जांच कराई जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि यदि वीडियो में दिख रहा युवक स्थानीय निवासी पाया गया, तो उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो में दिखाई दे रहा असलहा असली है या नकली।



