
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरुवार शाम एक सुरक्षा गार्ड ने हत्या हुई किशोरी के परिजनों से अभद्रता की और उन्हें अस्पताल परिसर से हटाने का प्रयास किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, मोर्चरी में रखे शव को देखने आए परिजन बिलख रहे थे। तभी गार्ड बृजपाल यादव बाहर आया और बाइक से टक्कर मारते हुए परिजनों से बदसलूकी करने लगा। उसने मृतका के पिता से कहा, “यह तमाशा हटाओ,” और गालियां देते हुए उन्हें धक्का भी दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध किया तो गार्ड और उग्र हो गया। जब किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो वह बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। स्थानीय लोग बताते हैं कि यह पहली घटना नहीं है। गार्ड पहले भी कई बार मरीजों और महिलाओं के साथ अभद्रता कर चुका है, लेकिन विभागीय कार्रवाई नहीं हुई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।


