जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।मौरावां थाना क्षेत्र के नया खेड़ा गांव में 32 वर्षीय अर्जुन लोधी की मौत के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहे हैं। वे हत्या का मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। 22 अक्टूबर को लच्छी खेड़ा गांव के बाहर अर्जुन लोधी का शव पाया गया। परिजनों का आरोप है कि दो लोगों ने उसे शराब पिलाकर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हुई। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 23 अक्टूबर दोपहर पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा, तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देने के बाद ही अंतिम संस्कार करेंगे। उपस्थित लोगों में अर्जुन की पत्नी आरती, मां शिव दुलारी, भाई सुनील व लल्लन समेत कई रिश्तेदार और भाजपा नेता शामिल थे। परिजन मुकदमा दर्ज न होने से आक्रोशित दिखे। क्षेत्राधिकारी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए युवक की मौत हार्ट अटैक बताई। खबर लिखे जाने तक पुलिस और परिजनों के बीच सहमति नहीं बन पाई थी।

