
फतेहपुर।।
असोथर थाना क्षेत्र के मनावां गांव में आस्था और संवेदना से भरा दृश्य देखने को मिला। यहां एक बंदर की मौत के बाद ग्रामीणों ने उसे भगवान हनुमान का स्वरूप मानते हुए वैदिक रीति-रिवाजों से अंतिम संस्कार किया। बंदर की मृत्यु की सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए और पार्थिव शरीर को सम्मान नदी तट तक ले जाया गया। शव यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” और “हनुमान चालीसा” के गूंजते स्वर पूरे गांव में भक्ति का वातावरण बना रहे थे। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ बंदर का अंतिम संस्कार किया गया और भगवान श्रीराम से उसकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई। बंदर की मृत्यु गांव के वरिष्ठ समाजसेवी एवं सेवा-निवृत्त अध्यापक जीत सिंह के दरवाजे पर हुई थी। उन्हीं के मार्गदर्शन में शव यात्रा निकाली गई और विधिवत संस्कार सम्पन्न हुआ। इस मौके पर मनोज सिंह, रणवीर सिंह, उदयवीर, कपिल सिंह, विवेक सिंह और कुबेर सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि यह आयोजन जीवों के प्रति करुणा और सनातन परंपरा के प्रति आस्था का प्रतीक है।



