
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।मेटा के अलर्ट से पुलिस मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर जनपदीय पुलिस द्वारा मात्र 16 मिनट के अन्दर मौके पर पहुँच कर, बचायी गयी युवक की जान
दिनांक 13-10-2025 को जनपद उन्नाव के थाना बिहार निवासी लगभग 19 वर्षीय युवक द्रारा, “छत के पंखे में दुपट्टे का फंदा बनाकर उसे गले में डालकर, लटकने का प्रयास करते हुए विडियो इन्स्टाग्राम पर पोस्ट किया गया” । उक्त पोस्ट के संबंध में दिनांक 13-10-2025 को रात्रि 08:35 PM पर मेटा कंपनी की तरफ से मुख्यालय पुलिस महानिदेशक स्थित सोशल मीडिया सेन्टर को ई-मेल के ज़रिए एलर्ट प्राप्त हुआ । जिसका तत्काल संज्ञान लेकर उच्चाधिकारियों को संज्ञानित कराया गया ।
पुलिस महानिदेशक उ0प्र0, श्री राजीव कृष्ण द्रारा उक्त एलर्ट पर तत्काल कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया । मेटा कम्पनी द्वारा भेजे गये अलर्ट का संज्ञान लेकर मुख्यालय की सोशल मीडिया सेन्टर द्वारा प्राप्त अलर्ट में उपलब्ध कराये गये मोबाइल नम्बर के आधार पर तत्काल युवक की लोकेशन की जानकारी करके जनपद उन्नाव को प्रकरण से अवगत कराया गया ।
मुख्यालय द्रारा उपलब्ध कराई गई सूचना एवं लोकेशन पर थाना बिहार के उप निरीक्षक मय पुलिस कर्मियों के मात्र 16 मिनट के अन्तराल में युवक के घर पहुंच गए । पुलिस कर्मियों द्वारा परिजनों से तत्काल जानकारी कर युवक के कमरे में पहुंचे तो देखा कि युवक द्वारा छत के पंखे से दुपट्टे को बांधकर व उसका फन्दा बनाकर फांसी लगाने का प्रयास कर रहा था । घर की छत नीची होने के कारण वह लटक नहीं पाया तो दुपट्टे के फंदे को अपने गले में कसने का प्रयास कर रहा था । पुलिसकर्मियों द्रारा अविलम्ब युवक के गले से दुपट्टे का फन्दा निकालकर उसको उतारा गया ।
युवक के सामान्य होने पर, पुलिस कर्मियों द्वारा उससे जानकारी की गयी, तो उसके द्वारा बताया गया कि *वह एक लड़की से प्रेम करता है किन्तु उस लड़की ने उससे बात करना बंद कर दिया था, जिस कारण वह अवसाद में था । इसी कारण उसके मन में आत्महत्या का विचार आया और उसके द्वारा यह कदम उठाया गया ।
स्थानीय पुलिस द्वारा समय से पहुँच कर, युवक को आत्महत्या करने से रोका गया एवं काउन्सलिंग की गयी, जिस पर युवक द्वारा भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन दिया गया । युवक के परिजनों द्वारा स्थानीय थाने के पुलिसकर्मियों की तत्परता तथा उनके सहयोग हेतु उ0प्र0 पुलिस को धन्यवाद दिया गया ।
उत्तर प्रदेश पुलिस एवं मेटा कम्पनी के मध्य 2022 से प्रचलित व्यवस्था के अंतर्गत यदि कोई भी व्यक्ति फेसबुक अथवा इंस्टाग्राम पर आत्महत्या किए जाने से सम्बंधित पोस्ट करता है तो ऐसी पोस्ट के सम्बंध में मेटा कम्पनी द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को ई-मेल एवं फोन के माध्यम से अलर्ट भेजकर सूचित किया जाता है । *दिनांक 01-01-2023 से 10-10-2025 के मध्य आत्महत्या संबंधी पोस्ट पर प्राप्त अलर्ट का संज्ञान लेकर कुल 1460 व्यक्तियों के प्राणों की रक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जा चुकी है

