
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र आज रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह ने थाना अचलगंज क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एएसपी उत्तरी ने कस्बा अचलगंज स्थित सर्राफा बाजार में पहुंचकर दुकानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की तथा दुकानदारों को कैमरों को सदैव चालू व प्रभावी स्थिति में रखने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने थाना अचलगंज पुलिस बल के साथ मुख्य बाजार व भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी निरीक्षक अचलगंज को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि रामलीला, भारत मिलाप और दीपोत्सव जैसे धार्मिक आयोजनों के दौरान पुलिस कर्मी अतिरिक्त सतर्कता बरतें, असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।


