
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।।शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न तहसीलों में जनसुनवाई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में तहसील पुरवा में अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह ने पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनीं। अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह ने कानून व्यवस्था से संबंधित शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए कहा कि पुलिस विभाग जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने थाना स्तर पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए।जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बुजुर्ग उपस्थित रहे। अधिकतर शिकायतें भूमि विवाद, रास्ते की समस्या, बिजली बिल सुधार, पुलिस कार्रवाई और पेंशन संबंधी रही, जिनके निस्तारण के लिए मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई।
